प्रदेश की मेरिट सूची में शामिल प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
सतना, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को प्रतिभा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें एमपी बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, उनके पालकों तथा शिक्षकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार रहे। इस अवसर पर महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस., जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी सहित प्रशासन, जिला पंचायत एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में कक्षा 12वीं की प्रदेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 11 तथा कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में शामिल 6 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में अंजली तिवारी, राधिका अग्रवाल, पलक यादव, सचिन अहिरवार, प्राची कुशवाहा, डॉली पुरवार, कौशिकी द्विवेदी, मनेन्द्र केवट, अन्नपूर्णा दुबे, रेशू मिश्रा, अनामिका सिंह, श्रीजल पाण्डेय, अमन कुमार गुप्ता, श्रेया अग्रवाल, नमन सिंह, सिमरन छाबड़िया और नंदनी गर्ग शामिल रहे।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने सभी छात्र-छात्राओं को शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता जिले के लिए गौरव की बात है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

