home page

मीडिया प्रशासन का फीडबैक मैकेनिज्म, कमियाँ बताकर सेवाएं बेहतर बनाने में करती है मदद: कलेक्टर

 | 
मीडिया प्रशासन का फीडबैक मैकेनिज्म, कमियाँ बताकर सेवाएं बेहतर बनाने में करती है मदद: कलेक्टर


- मण्डला को नया स्वरूप: बस स्टैंड, मंडी, जेल और मांस बाजार शिफ्ट होंगे

मंडला, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ-साथ प्रशासन के लिए एक सशक्त फीडबैक मैकेनिज्म भी है। मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दे और सुझाव शासन की सेवाओं को और अधिक पारदर्शी व जनोन्मुखी बनाने में सहायक होते हैं।

गुरुवार को जिला योजना भवन में आयोजित प्रेस मीट में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कलेक्टर धोटे ने कहा कि हमें यह नहीं मान लेना चाहिए कि सभी सेवाएं पूरी तरह से सही चल रही हैं। सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। मीडिया हमें जमीनी स्तर की कमियों से अवगत कराती है, जिससे हम उनमें सुधार कर आमजन को बेहतर सुविधाएं दे पाते हैं।

उन्होंने मण्डला नगर के लिए बना रोडमैप कलेक्टर ने मण्डला नगर के सौंदर्यीकरण और सुनियोजित विकास के लिए तैयार किए गए रोडमैप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए बस स्टैंड, कृषि उपज मण्डी, जिला जेल और मछली-मांस बाजार को चरणबद्ध तरीके से नगर की सीमा से बाहर शिफ्ट किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य एक दिन में संभव नहीं है, लेकिन आने वाले वर्षों में यह योजना मूर्त रूप लेगी। इसके साथ ही नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जिला जेल की भूमि पर सुविधायुक्त ऑडिटोरियम बनाने की मंशा से भी कार्य किया जा रहा है।

कलेक्टर ने कहा कि जेल परिसर के खाली हिस्से और जल संसाधन विश्राम गृह के पास स्ट्रीट वेंडर्स के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान चिन्हित किए जाएंगे। शहर के भीतर सड़कों को चौड़ा करने और अतिक्रमण मुक्त करने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया। मीडिया के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन प्रेस मीट में मीडिया प्रतिनिधियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए अपने सुझाव रखे।

कलेक्टर ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा की। 108 एम्बुलेंस सेवा में आ रही दिक्कतों पर उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर इसका ऑडिट किया जा रहा है और 15 अगस्त तक सेवा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। नालों-नालियों पर अतिक्रमण के संबंध में उन्होंने कहा कि जब भी प्राकृतिक जल निकासी को अवरुद्ध किया जाता है तो जलभराव की स्थिति बनती है। ऐसे अतिक्रमणों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट संकल्प और एनीमिया मुक्त मण्डला अभियान की विस्तृत जानकारी दी और मीडिया से इस जनहितैषी अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर शैलेंद्र चौधरी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका श्रीवास्तव सहित जिले के वरिष्ठ मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर