मंडलाः पीएचई मंत्री ने ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों से किया सीधा संवाद
मंडला, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में नैनपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में बुधवार रात्रि में हुई ओलावृष्टि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने गुरुवार को ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम धतूरा में पहुंचकर किसानों से संवाद किया तथा नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया।
पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने खेतों में पहुंचकर किसानों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। किसानों द्वारा बताया गया कि ओलावृष्टि के कारण फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे उत्पादन एवं गुणवत्ता दोनों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इस पर मंत्री संपतिया उइके ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों की समस्याओं का बिंदुवार संज्ञान लेते हुए वास्तविक नुकसान का आकलन सुनिश्चित करें।
मंत्री के निर्देशानुसार राजस्व, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों का सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों को राहत प्रदान करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री संपतिया उइके ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित ग्रामों में शीघ्र ही किसान चौपाल का आयोजन किया जाए , जिसमें वे स्वयं उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सीधे संवाद का मंच उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, जिला पंचायत सदस्य जोरावर सिंह, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर आशुतोष महादेव ठाकुर, तहसीलदार हरी सिंह धुर्वे सहित राजस्व विभाग के अधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

