home page

मंडलाः कलेक्टर ने खरीदे मिट्टी के दीये, जिलेवासियों से की स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील

 | 
मंडलाः कलेक्टर ने खरीदे मिट्टी के दीये, जिलेवासियों से की स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील


मंडला, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में दीपावली के पावन त्यौहार को देखते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने एक अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने गुरुवार को बाजार पहुंचकर मंडला जिले के स्थानीय कलाकारों और स्वदेशी स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के आकर्षक दीयों की खरीदारी की।

कलेक्टर की इस मुहिम में उनके साथ जिला पंचायत सीईओ शास्वत सिंह मीना सहित अन्य जिला अधिकारी भी शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए मिट्टी के दीये और विभिन्न स्वदेशी उत्पादों को खरीदा। इस दौरान तहसीलदार हिमांशु भलावी, डीपीएम एनआरएलएम बीडी भैंसारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

लोकल के लिए वोकल होने का संदेश, जिलेवासियों से की भावुक अपील

कलेक्टर धोटे ने मंडला जिले के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस दिवाली पर स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीयों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जब हम अपने क्षेत्र के गरीब और मेहनती कलाकारों के उत्पाद खरीदते हैं, तो इससे न केवल उन्हें प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक मदद मिलती है, बल्कि हमारे स्थानीय पारंपरिक उद्योगों और बाजारों को भी नया बढ़ावा मिलता है। आइए, इस दिवाली हम सब मिलकर स्थानीय कलाकारों के घरों को भी रोशन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर