home page

तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाकर उद्योगों की जरूरत अनुरूप दक्ष युवा तैयार करना प्राथमिकता : मंत्री परमार

 | 
तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाकर उद्योगों की जरूरत अनुरूप दक्ष युवा तैयार करना प्राथमिकता : मंत्री परमार


- मंत्री परमार ने विद्यार्थियों के अधिकतम प्लेसमेंट, उद्योगों से समन्वय और प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाना, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों का कौशल विकसित करना और उनके लिए रोजगार एवं उद्यमिता के बेहतर अवसर सुनिश्चित करना राज्य सरकार का संकल्प है। तकनीकी शिक्षण संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप दक्षता प्रदान करें, ताकि वे बदलते औद्योगिक परिवेश में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

मंत्री परमार ने यह बात सोमवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में उज्जैन इंजीनियरिंग महाविद्यालय की शासी निकाय की 25वीं एवं साधारण सभा की षष्ठम बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विद्यार्थियों के अधिकतम प्लेसमेंट के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा स्थानीय औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए उद्योगों के साथ संस्थान का समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।

मंत्री परमार ने संस्थान की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने लंबित बकाया राशि की वसूली तथा संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंत्री परमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और व्यावहारिक अनुभव से सशक्त बनाना भी है। इसके लिए उद्योगों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और उद्यमिता के अवसरों को विस्तार देना आवश्यक है।

बैठक में संस्थान के आगामी कार्यों के लिए 5.31 करोड़ रुपये के बजट पर चर्चा की गई। निर्माण कार्यों, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, छात्रावास सुविधाओं, परीक्षा निधि तथा प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ (टीपीओ) को सुदृढ़ बनाने से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा रघुराज राजेंद्रन, अतिरिक्त संचालक डॉ. मोहन सेन, आरजीपीवी भोपाल के कुलगुरु प्रो. आलोक शर्मा, उद्योगपति पुनीत धनोतिया, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश पेंढारकर, डॉ. एस.सी. सोलंकी एवं दुष्यंत मालवीय सहित संबंधित अधिकारी तथा शासी निकाय एवं साधारण सभा के सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर