home page

मप्रः पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की हिंदी एवं अंग्रेजी पत्रिका ‘विद्युत ब्रह्मेति’ तथा ‘वेतन मित्र’ का हुआ विमोचन

 | 
मप्रः पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की हिंदी एवं अंग्रेजी पत्रिका ‘विद्युत ब्रह्मेति’ तथा ‘वेतन मित्र’ का हुआ विमोचन


- संस्थागत ज्ञान के संरक्षण, कर्मचारी सुविधा एवं कंपनी की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

भोपाल, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को मंत्रालय में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की विभागीय कॉर्पोरेट पत्रिका 'विद्युत ब्रह्मेति’ के अक्टूबर 2026 के हिंदी एवं अंग्रेजी संस्करणों का विमोचन किया। इस अवसर पर कंपनी द्वारा तैयार की गई महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तिका 'वेतन मित्र' का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह एवं ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले उपस्थित थे।

कंपनी की पत्रिका ‘विद्युत ब्रह्मेति’ के माध्यम से विद्युत क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों, तकनीकी प्रगति, उपभोक्ता सेवाओं, विभागीय गतिविधियों एवं कंपनी के नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। पत्रिका का अंग्रेजी संस्करण प्रारंभ करने का उद्देश्य कंपनी की उपलब्धियों, नवाचारों एवं श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों, पॉवर यूटिलिटीज एवं राष्ट्रीय स्तर के पाठकों तक पहुंचाना है। इससे कंपनी की पहचान एवं ब्रांड छवि को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।

विमोचित पत्रिका ‘वेतन मित्र’ में वर्ष 1984 से वर्तमान समय तक वेतन एवं भत्तों से संबंधित महत्वपूर्ण परिपत्रों का संकलन किया गया है। यह संकलन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कार्मिकों के लिए भी एक उपयोगी संदर्भ दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा। वेतन एवं भत्तों से संबंधित किसी भी प्रावधान अथवा पुराने परिपत्र की जानकारी प्राप्त करने में यह पुस्तक सहायक सिद्ध होगी।

कंपनी में संस्थागत ज्ञान के संरक्षण, दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संकलन एवं कार्मिकों को आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व में भी ‘स्थापना मित्र’ भाग-1 एवं भाग-2, ‘पेंशन मित्र’ तथा ‘नीति मित्र’ जैसी महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तिकाएं तैयार की जा चुकी हैं। इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए ‘वेतन मित्र’ का प्रकाशन कंपनी की ज्ञान प्रबंधन एवं कर्मचारी सुविधा संबंधी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर