मप्र के सागर में ऑटो चालक के घर मिले 3.2 करोड़ रुपये की लोकायुक्त करेगी जांच, एसआईटी गठित
- हथियार होने की सूचना पर पुलिस ने दी थी दबिश
सागर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र में ऑटो चालक के घर से 3.2 करोड़ रुपये से अधिक की नकद राशि मिलने के मामले की जांच अब लोकायुक्त ने अपने हाथ में ले ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले के हर पहलू की जांच करेगी।
गौरतलब है कि बीते 16 अगस्त को गोपालगंज थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर पिस्तौल के साथ फोटो मिलने के बाद तिली तिगड्डा निवासी ऑटो चालक सौरभ अहिरवार के घर दबिश दी थी। पुलिस उसके घर पर पिस्तौल की तलाश रही थी, तभी एक बंद अलमारी से नोटों से भरे बैग मिले। गिनती के बाद करीब तीन करोड़ दो लाख रुपये जब्त किए गए थे। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद से ही इस मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे। जांच एजेंसियों की कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने पत्र लिखकर मामले की जांच लोकायुक्त को सौंप दी है।
सागर लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर ने बताया कि मामला लोकायुक्त के पास आया है। पांच सदस्यीय टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जिस पीडब्ल्यूडी इंजीनियर रमेश अहिरवार का नाम सामने आया है, उसकी संपत्ति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस द्वारा जब्त की गई करोड़ों रुपये की नकद राशि को भी जल्द ही लोकायुक्त की टीम अपने कब्जे में लेगी। टीम मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच करेगी। जब्त रकम और संबंधित लोगों की संपत्ति की भी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

