खरगोनः ग्राहकों के खाते से 42 लाख रुपये का गबन करने वाली बैंक कैशियर गिरफ्तार
खरगोन, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा से 41 लाख 58 हजार 95 रुपये के गबन के मामले में फरार चल रही महिला कैशियर ऋतु गोस्वामी (44) को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ऋतु 25-26 मई को बैंक से रकम लेकर फरार हुई थी। बैंक की जांच समिति ने पांच दिन तक मामले की जांच की। इसके बाद 29 मई को वर्तमान शाखा प्रबंधक राजेश गुप्ता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 316(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शुरुआती पूछताछ में उसने गबन की रकम में से 35 लाख रुपये से अधिक ऑनलाइन गेम 'स्टार मेकर' में हारने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से एक लाख 49 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का आईडी कार्ड बरामद किया है। इन पैसों से उसने परिवार को हवाई यात्रा भी कराई।
थाना प्रभारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि आरोपी किसी लिंक के जरिए 'स्टार मेकर' गेम से जुड़ी थी। पूछताछ में उसने बताया कि गेम खेलते-खेलते उसने बड़ी रकम गंवा दी। पुलिस उसके दावों और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि गबन की रकम में से कुछ हिस्सा आरोपी ने परिवार के साथ घूमने-फिरने पर भी खर्च किया। पुलिस के मुताबिक उसने अपने सास-ससुर, पति और बच्चे को हवाई यात्रा कराकर मुंबई, दिल्ली और इंदौर की सैर कराई। पुलिस अब तक उसके पास से 1.49 लाख रुपये बरामद कर चुकी है, जबकि बाकी रकम के उपयोग की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। मामले में ठीबगांव शाखा के सहायक कैशियर त्रयंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौड़ अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गबन की रकम की वसूली के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, बैंक से रकम लेकर फरार होने के बाद ऋतु मुंबई स्थित अपने ससुराल पहुंच गई थी। वहां उसने परिजनों को बताया कि वह बैंक से छुट्टी लेकर आई है। जांच में यह भी सामने आया कि परिवार के मोबाइल नंबर बंद करा दिए गए थे, ताकि बैंक या पुलिस उनसे संपर्क न कर सके। आरोपी की तलाश में जैतापुर पुलिस की टीम मुंबई और दिल्ली तक पहुंची। दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिस ने चार दिन तक पहचान छिपाकर उसके ठिकानों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिलकर पुलिसकर्मियों ने आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस के दिल्ली में कार्रवाई करने से पहले ही ऋतु परिवार के साथ इंदौर होते हुए खरगोन लौट आई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

