खंडवाः ओंकारेश्वर से लौट यूपी के श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, महिला की मौत, 4 गंभीर घायल
खंडवा, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर दर्शन करने के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को इंदिरा सागर बांध के पास राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरे ट्रक ने टक्कर मारी दी। कार में उत्तर प्रदेश के 11 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में लखनऊ निवासी 80 वर्षीय कलावती की मौत हो गई। बच्चे समेत कई लोग घायल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के नीचे जा फंस गई। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। ड्राइवर को दरवाजा तोड़कर निकाला गया।
घायलों को पहले इंदिरा सागर बांध अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को पुनासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल अमित गुप्ता और उसकी मां ममता को इंदौर रेफर किया गया। अमित गोरखपुर का रहने वाला है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं। कोई लखनऊ, कोई गोरखपुर तो कोई बनारस का रहने वाला है। सभी धार्मिक यात्रा पर निकले थे। पहले उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद ओंकारेश्वर पहुंचे। नर्मदा स्नान और ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद सीहोर के कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे। रास्ते में इंदिरा सागर बांध का नजारा देखकर परिवार जगमूर्ति सेतु के पास रुका। सभी ने फोटो खिंचवाए और सेल्फी ली। इसके बाद कार आगे बढ़ी। कुछ ही दूरी पर सामने से आए ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही नर्मदानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक जब्त कर लिया गया है। चालक ने शुरुआती पूछताछ में ब्रेक फेल होने की बात कही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

