home page

मप्र के खंडवा में 150 बारातियों से भरा ट्रक पलटा, 27 घायल, आठ की हालत गंभीर

 | 
मप्र के खंडवा में 150 बारातियों से भरा ट्रक पलटा, 27 घायल, आठ की हालत गंभीर


खंडवा, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बारातियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार 27 बाराती घायल हो गए, जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बुरहानपुर जिले के ग्राम ढाबा से बारातियों को लेकर ट्रक खालवा क्षेत्र के ग्राम चुनाखाल जा रहा था। बारातियों से भरा ट्रक शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे आड़ाखेड़ा जंगल के एक तीखे मोड़ पर पहुंचा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रक में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही खालवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। अधिकांश घायलों के सिर, चेहरे और हाथ-पैर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार 27 घायलों में से 8 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज खालवा अस्पताल में जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक में करीब 150 बाराती सवार थे, जो निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक थे। हादसे के बाद ट्रक में फंसे लोगों को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। कई लोग ट्रक के नीचे दबने से बाल-बाल बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही खालवा तहसीलदार राजेश कोचले और नायब तहसीलदार विनोद यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मोड़ पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर