home page

मप्रः जल गंगा संवर्धन अभियान में खरगोन जिले के कसरावद ब्लॉक ने प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान

 | 
मप्रः जल गंगा संवर्धन अभियान में खरगोन जिले के कसरावद ब्लॉक ने प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान


भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन में खरगोन जिले के कसरावद विकासखंड ने उत्कृष्ट एवं प्रभावी क्रियान्वयन कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रदेश में खरगोन जिले को भी जल संरक्षण में किये गये विशिष्ट कार्यों के लिए तृतीय स्थान मिला है।

खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में बारिश के पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने और पुराने जल स्त्रोतों को नया जीवन देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। 19 मार्च से शुरू हुए अभियान अंतर्गत पूरे प्रदेश में मनरेगा के अंतर्गत खेत तालाब, अमृत सरोवर, कूप रिचार्ज पिट जैसे कार्य किए जा रहे हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत खरगोन जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने बताया कि कसरावद विकासखंड ने 7.01 स्कोर अर्जित कर राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। अभियान के अंतर्गत ब्लॉक में 1,236 लक्षित कार्यों के विरुद्ध 855 कार्य पूर्ण किए गए। कुल 24.10 करोड़ की स्वीकृत राशि में से 20.76 करोड़ (86.1 प्रतिशत) की प्रभावी व्यय-बुकिंग दर्ज की गई, जो वित्तीय प्रबंधन एवं कार्य निष्पादन की उत्कृष्टता को दर्शाती है।

कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि अभियान के दौरान फार्म पोंड, अमृत सरोवर, डग वेल रिचार्ज, जल संरक्षण एवं रिचार्ज, वाटरशेड तथा मरम्मत-रखरखाव जैसे कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई। अमृत सरोवर, वाटरशेड एवं मरम्मत कार्यों में 100 प्रतिशत उपलब्धि, फार्म पोंड में 90 प्रतिशत से अधिक तथा डग वेल रिचार्ज में लगभग 86 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर