home page

मप्र: किसान पदयात्रा पर सियासत तेज, जीतू पटवारी बोले- किसानों से संवाद करे सरकार

 | 
मप्र: किसान पदयात्रा पर सियासत तेज, जीतू पटवारी बोले- किसानों से संवाद करे सरकार


भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसान क्रांति पदयात्रा के राजधानी भोपाल पहुंचने के साथ ही प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आंदोलन को दबाने के बजाय किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करे।

जीतू पटवारी ने बुधवार काे बयान जारी कर कहा कि नर्मदापुरम के बरखेड़ा से शुरू हुई पदयात्रा का राजधानी तक पहुंचना किसानों की बढ़ती नाराजगी का संकेत है। उनके अनुसार किसान मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, खाद की पर्याप्त उपलब्धता और चुनावी वादों को पूरा करने जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किसानों के मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसानों को अपनी बात मनवाने के लिए राजधानी तक पैदल आना पड़ रहा है, तो यह सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार को किसान संगठनों से तत्काल बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो प्रदेशभर में आंदोलन और व्यापक हो सकता है। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसानों के आंदोलन के समर्थन में उनके साथ खड़ी रहेगी।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी तत्काल सुनिश्चित की जाए।

न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।

किसानों से किए गए सभी चुनावी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

किसान संगठनों के साथ तत्काल संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे