मप्रः झाबुआ ने रचा इतिहास, हायर सेकेंडरी में प्रदेश में प्रथम, हाई स्कूल में टॉप-10 में शामिल
- बोर्ड परिणामों में शानदार प्रदर्शन पर महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने दी बधाई
भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में झाबुआ जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के साथ ही हाई स्कूल में शीर्ष 10 जिलों में स्थान बनाकर जिले ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उपलब्धि पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इसे “झाबुआ के बदलाव की नई इबारत” बताते हुए कहा कि यह सफलता आदिवासी अंचल में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने संदेश में कहा कि झाबुआ के विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। सीमित साधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने जिस समर्पण और परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रतिबद्धता ने बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे जिले के विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकें।
मंत्री निर्मला भूरिया ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जो इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के अंक जीवन का अंतिम पैमाना नहीं होते। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ पुनः प्रयास करने का आह्वान किया।
जनजातीय क्षेत्रों के विद्यालयों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन, मंत्री डॉ. कुंवर शाह ने दी बधाई
वहीं, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में जनजातीय क्षेत्रों के विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचलों के बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर मिलने पर उनकी क्षमता और योग्यता किसी से कम नहीं है।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि कक्षा 10वीं के परिणामों में जनजातीय जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अनूपपुर जिले ने अग्रणी स्थान हासिल किया, जबकि आलीराजपुर जिला दूसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार हायर सेकेंड्री परीक्षा में सर्वाधिक सफलता वाले जिलों में झाबुआ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि अनूपपुर द्वितीय स्थान पर रहा। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. बल्कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ये विद्यार्थी नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

