जनविश्वास अभियान को बनाएं पारदर्शी और संतुष्टिदायक माध्यम : मुख्य सचिव बर्णवाल
- मुख्य सचिव बर्णवाल ने अधिकारियों से लिया जनविश्वास अभियान का फीडबैक
भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कलेक्टर्स और विभाग प्रमुखों से अपेक्षा की है कि वे जनविश्वास अभियान को आमजन को राज्य शासन द्वारा देय सेवाओं और हितग्राही मूलक योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने का पारदर्शी और संतुष्टिदायक निराकरण का माध्यम बनाएं।
मुख्य सचिव वर्णवाल शनिवार को मंत्रालय से कलेक्टर, कमिश्नर और विभाग प्रमुखों से गत दिवस संपन्न हुए जनविश्वास अभियान का फीडबैक ले रहे थे। उन्होंने सभी अधिकारियों के काम की सराहना भी की। मुख्य सचिव बर्णवाल ने गत दिवस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में छिंदवाड़ा में सम्पन्न हुए जनविश्वास अभियान में उद्यम संवाद के दौरान ब्लैक बेरी उत्पादक कृषक द्वारा 500 लोगों को रोजगार देने के अद्भुत कार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि अभियान में ऐसे नव उद्यमियों और उपलब्धि अर्जित करने वाले व्यक्तियों से अवश्य संवाद किया जाए और उनकी दिक्कतों का समाधान भी किया जाए।
मुख्य सचिव बर्णवाल ने कहा कि अभियान को आमजन केंद्रित बनाया गया है जिससे जिला अधिकारी बेहतर परिणाम दे सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान में शिकायतों और समस्याओं का शत फीसदी निराकरण, योजनाओं और कार्यक्रमों की मैदानी स्थिति, बेहतर पर्यवेक्षण तंत्र बनाकर प्रशासन को संवेदनशील स्वरूप देने के दृष्टिगत सभी उत्कृष्ट कार्य करें। उन्होंने कहा कि बैठक के विमर्श के बाद जरूरत हुई तो कुछ सकारात्मक बदलाव भी किए जाएंगे।
मुख्य सचिव बर्णवाल ने कलेक्टर्स से कहा कि वे ऐसी सेवाएं जो निरंतर हैं उनके अमल और क्रियान्वयन तत्परता पूर्वक करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं, हैंडपम्प संचालन,नल जल योजनाएं, ट्रांसफार्मर की स्थिति, स्कूलों में बच्चों का प्रवेश, एंबुलेंस की उपलब्धता जैसी आमजन से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस रखें। उन्होंने आधार कार्ड, अपार आई डी, परख जैसी योजनाओं पर भी चर्चा की।
बैठक में अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई ने जनविश्वास अभियान के स्तम्भों की जानकारी और क्रियान्वयन संबंधी प्रेजेंटेशन दिया और कलेक्टर्स से कहा कि वे सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देश अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि अभियान में शिकायतों और समस्याओं का निराकरण, जन संवाद, उद्यम संवाद, निरीक्षण और कानून व्यवस्था पर फोकस होगा।
उन्होंने कलेक्टर्स को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के किसी जिले में पहुंचने पर शिकायतों के निराकरण, जनसंवाद और उद्यम संवाद, निरीक्षण आदि गतिविधि के लिए समय आरक्षित करने और सुसंगत व्यवस्थाएं आदि करने के संबंध में भी बताया। मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव डॉ. सुदाम खाड़े ने भी अभियान से संबंधित जानकारी दी। अपर सचिव सुधीर कोचर ने जनविश्वास अभियान में विभिन्न जिलों और विभागों द्वारा अर्जित उपलब्धियों आदि पर प्रस्तुतीकरण दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

