home page

जल गंगा संवर्धन अभियान को जिले में प्रभावी और परिणाममुखी बनाएं: कलेक्टर

 | 
जल गंगा संवर्धन अभियान को जिले में प्रभावी और परिणाममुखी बनाएं: कलेक्टर


भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “जल गंगा संवर्धन अभियान” का 19 मार्च से शुभारंभ किया जाएगा। इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाया जाए।

यह निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत के साथ-साथ रिचार्ज पिट एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही जिले की जीवन दायिनी नदियों बाह्य, कोलांस सहित अन्य बडे जल स्त्रोतों के जल संरक्षण के लिए संवर्धन एवं जीर्णोद्धार की विस्तृत कार्य योजना तैयार करें।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण से संबंधित कार्य करवाएं। उन्होंने शासकीय कार्यालयों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण, पुरानी बावड़ियों की मरम्मत कर उन्हें पुनः उपयोग में लाने, तथा पुराने जल स्रोतों के संरक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन को अभियान से जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े और अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आएं।

कलेक्टर ने सभी नगर निगम एवं जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए और पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर पीएचई एवं जनपद अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। कम प्रगति पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा शिक्षा विभाग को संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर 14 वर्ष की सभी बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त बैठक कर टीकाकरण संबंधी जागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को बताया जाए कि एचपीवी टीका कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक है। इसके बाद अभिभावकों की सहमति लेकर टीकाकरण किया जाए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए सभी विभागों से शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने 100 दिवस एवं 50 दिवस से लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर ग्रेड सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक की समस्या लंबित नहीं रहनी चाहिए तथा सभी शिकायतों की ऐप पर अनिवार्य रूप से एंट्री की जाए। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीकृत किसानों का सत्यापन समय पर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों पर बारदान, तौल कांटा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कर ली जाएं। गेहूं के उपार्जन, भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, अपर कलेक्टर अंकुर मेश्राम, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर