home page

जबलपुरः कृषि विश्वविद्यालय के सब्जी फार्म का कृषि उत्पादन आयुक्त ने किया भ्रमण

 | 
जबलपुरः कृषि विश्वविद्यालय के सब्जी फार्म का कृषि उत्पादन आयुक्त ने किया भ्रमण


- लौकी और खरबूजा के हाइब्रिड बीज उत्पादन तकनीक को सराहा

जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक वर्णवाल ने शनिवार को जबलपुर प्रवास के दौरान जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के सब्जी फार्म का भ्रमण कर लौकी एवं खरबूजा के हाइब्रिड बीज उत्पादन की उन्नत तकनीकों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पीके मिश्रा, संभागायुक्त धनंजय सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, रजिस्ट्रार एवं संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. ए के जैन, संचालक विस्‍तार सेवाएं डॉ. टी आर शर्मा, उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे, डीन डॉ. अल्पना सिंह, एसडीएम पंकज मिश्रा, सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी तथा फार्म निदेशक डॉ. विजय यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

वैज्ञानिक पद्धतियों से बढ़ेगी किसानों की आय

भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश तिवारी और उनके सहयोगी हिमांशु वर्मा ने कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक वर्णवाल को लौकी एवं खरबूजा में हाइब्रिड बीज तैयार करने की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने नियंत्रित परागण, बैगिंग, टैगिंग तथा बीज प्रसंस्करण की विभिन्न बारीकियों को विस्तार से समझाया। वैज्ञानिकों ने बताया कि इन वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले हाइब्रिड बीजों का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसानों को फसलों का अधिक उत्पादन और बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकेगा।

अनुसंधान और नवाचार की सराहना

कृषि उत्पादन आयुक्त वर्णवाल ने फार्म पर विकसित किए जा रहे हाइब्रिड बीज उत्पादन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में इस प्रकार के तकनीकी नवाचार किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित अनुसंधान एवं तकनीकी गतिविधियां प्रशंसनीय हैं और भविष्य में ऐसे वैज्ञानिक प्रयासों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर