home page

जबलपुरः पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश से नर्मदा उफान पर, बरगी बांध के 5 गेट खोले

 | 
जबलपुरः पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश से नर्मदा उफान पर, बरगी बांध के 5 गेट खोले


जबलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, सिवनी, मंडला और डिंडोरी जिलों में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। लगातार बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए बरगी बांध प्रबंधन ने शुक्रवार शाम 6 बजे जलाशय के 5 गेट खोल दिए। सभी गेटों को करीब 1-1 मीटर तक खोला गया है, जिसके बाद बांध से 780 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड की दर से नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।

दोपहर 3 बजे बरगी जलाशय का जलस्तर 422.90 मीटर दर्ज किया गया था। जलाशय में इस समय करीब 763 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड की दर से पानी की आवक बनी हुई है। बांध की वास्तविक उपयोगी जलभराव क्षमता 3180 एमसीएम के मुकाबले जलाशय में 3217 एमसीएम पानी जमा हो चुका है, जो 101.16 प्रतिशत भराव के बराबर है।

बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा नदी के प्रमुख तटों और निचले इलाकों में जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है। इसके चलते नदी किनारे बसे क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए बांध प्रबंधन ने निचले कछार क्षेत्र और नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त चेतावनी जारी की है।

प्रशासन और बांध प्रबंधन लगातार जलस्तर एवं पानी की आवक पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश और जलप्रवाह की स्थिति के अनुसार बांध के गेटों से पानी छोड़े जाने की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक