home page

जबलपुरः त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास दुकानों में लगी भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

 | 
जबलपुरः त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास दुकानों में लगी भीषण आग, कोई जनहानि नहीं


जबलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर के पास मंगलवार रात दुकानों में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, त्रिपुर सुंदर मंदिर के पास मंगलवार रात अचानक एक दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते आसपास की आठ से 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही घटनास्थल की ओर दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं, लेकिन शहर में भीड़ और रास्ते में जाम के कारण उन्हें मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। इस दौरान आग आसपास की दुकानों तक फैल गई। बाद में दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से दूर कर भीड़ को नियंत्रित किया। नगर निगम की टीम को भी तत्काल सूचना दी गई।

नुकसान का आकलन करेगी पुलिस

सीएसपी के मुताबिक, आग में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से दुकानों में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर