home page

मप्रः नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचेगी देश में आए बदलावों की प्रेरक गाथा

 | 
मप्रः नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचेगी देश में आए बदलावों की प्रेरक गाथा


- प्रदेशभर में 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होगा आयोजन; प्रत्येक जिले में गठित होंगी 10 नाट्य टोलियां

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में समाज में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 19 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक 'नमो सेवा' (अनकही कहानियां) का भव्य एवं प्रभावी आयोजन किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने बुधवार को बताया कि इस विशेष अभियान के तहत विविध सांस्कृतिक माध्यमों, विशेषकर नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा कार्यों से देश में आए सकारात्मक बदलावों और प्रेरणादायी कहानियों का सजीव प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सेवा भाव, सक्रिय जन-भागीदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

उन्होंने बताया कि आयोजन की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक टोलियां तैयार की जा रही हैं। जिला स्तर पर इन टोलियों के कार्यक्रमों की विस्तृत शेड्यूलिंग की जाएगी। संबंधित जिला कलेक्टरों के मार्गदर्शन में टोलियों के आवागमन और मंचन से जुड़ी समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। ये प्रस्तुतियां जिले के स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, प्रमुख हाट-बाजारों और व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर सुनिश्चित की जायेगी।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, लगभग 30 मिनट की अवधि वाले ये नुक्कड़ नाटक अत्यंत सरल, सहज और भावनात्मक शैली में तैयार किए गए हैं, ताकि आम नागरिक इनसे सीधा जुड़ाव महसूस कर सकें। अभियान के सफल समापन पर उत्कृष्ट प्रस्तुति और सांस्कृतिक सहभागिता के लिए जिला स्तर पर इन नाट्य मंडलियों एवं कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन जन-संवाद का एक सशक्त माध्यम बनकर नागरिकों को समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर