home page

मप्रः किलिमंजारो फतह करने वाली निरीक्षक दीपिका गौतम ने की डीजीपी से सौजन्य भेंट

 | 
मप्रः किलिमंजारो फतह करने वाली निरीक्षक दीपिका गौतम ने की डीजीपी से सौजन्य भेंट


- अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी पर फहराया तिरंगा, मध्य प्रदेश पुलिस का बढ़ाया गौरव

भोपाल, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा से माउंट किलिमंजारो विजय के उपरांत निरीक्षक दीपिका गौतम ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मकवाणा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए डीजीपी ने कहा कि यह सफलता मध्य प्रदेश पुलिस की महिला अधिकारियों की क्षमता, साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि निरीक्षक दीपिका गौतम ने अपनी उपलब्धि से प्रदेश की महिलाओं, युवाओं तथा पुलिस बल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी जयदीप प्रसाद एवं पुलिस महानिरीक्षक एससीआरबी हरिनारायणचारी मिश्र उपस्थित थे।

राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), पुलिस मुख्यालय में पदस्थ इंस्पेक्टर दीपिका गौतम ने 29 मई 2026 को अफ्रीका महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो के गिलमन्स पॉइंट 5685 मीटर पर पहुंचकर तिरंगा एवं मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया। इस अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान में वे भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं। इस उपलब्धि के साथ निरीक्षक दीपिका गौतम मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने तंजानिया स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्वत शिखर पर सफलतापूर्वक फतह कर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है।

माउंट किलिमंजारो अभियान पांच दिनों का अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं कठिन अभियान था। इस दौरान तीन बेस कैंप पार करने के बाद अंतिम चढ़ाई रात्रि में प्रारंभ की गई। अभियान के दौरान तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था तथा लगातार बदलते मौसम ने परिस्थितियों को और अधिक कठिन बना दिया था। इन चुनौतियों के बावजूद निरीक्षक दीपिका गौतम ने अदम्य साहस, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए सफलता प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर