मप्र की बड़ी उपलब्धिः इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को एफएसएसएआई से भी मिली अधिसूचना
- खाद्य पदार्थों की जांच सुविधाओं का होगा विस्तार, मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान में मिलेगी तेजी
इंदौर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इंदौर स्थित संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (लैब) को राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त होने के बाद अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा भी खाद्य पदार्थों के परीक्षण के लिए विधिवत अधिसूचित कर दिया गया है।
जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस उपलब्धि से प्रदेश में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए उपलब्ध आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेष रूप से इंदौर संभाग एवं आसपास के क्षेत्रों के खाद्य नमूनों के परीक्षण में सुविधा और तेजी आएगी।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को इंदौर स्थित संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का लोकार्पण किया गया था। लोकार्पण के बाद से ही प्रयोगशाला को उच्चस्तरीय खाद्य परीक्षण के लिए आवश्यक तकनीकी मान्यता एवं प्रमाणन दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए प्रयोगशाला ने पहले एनएबीएल की मान्यता प्राप्त की और अब एफएसएसएआई से भी अधिसूचना हासिल कर ली है।
उन्होंने बताया कि अब तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संग्रहित नमूनों के परीक्षण की मुख्य जिम्मेदारी भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला पर थी। प्रदेश में खाद्य नमूनों के परीक्षण के लिए यही एकमात्र राज्य स्तरीय प्रयोगशाला उपलब्ध थी। ऐसे में इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को एनएबीएल मान्यता और एफएसएसएआई की अधिसूचना मिलना खाद्य परीक्षण व्यवस्था के विकेंद्रीकरण एवं विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भोपाल स्थित प्रयोगशाला पर परीक्षण का भार कम करने के साथ ही इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों के नमूनों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्थानीय स्तर पर कराई जा सकेगी।
अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित की गई प्रयोगशाला
संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, इंदौर में अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के अनुरूप परीक्षण की गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं विकसित की गई हैं। प्रयोगशाला को मान्यता एवं अधिसूचना दिलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से पूरी की गई।
प्रयोगशाला का लोकार्पण 27 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। इसके बाद 14 एवं 15 फरवरी 2026 को एनएबीएल की टीम द्वारा प्रयोगशाला का ऑडिट किया गया। सफल ऑडिट के उपरांत 12 जून 2026 को प्रयोगशाला को एनएबीएल का मान्यता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ, जो 11 जून 2028 तक वैध है। इसके बाद 3 सितंबर 2026 को एफएसएसएआई की अधिसूचना के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत ऑडिट संपन्न हुआ। अंततः 5 नवंबर 2026 को एफएसएसएआई द्वारा प्रयोगशाला को अधिसूचित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इस संबंध में भारत के राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित की जा चुकी है।
अत्याधुनिक उपकरणों से होगी खाद्य पदार्थों की सटीक जांच
प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों के विभिन्न घटकों एवं गुणवत्ता की सूक्ष्म और सटीक जांच के लिए आधुनिक उपकरण एवं मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें एएएस, माइक्रोवेव डाइजेस्टर, फैट एनालाइजर, प्रोटीन एनालाइजर, डिजिटल ब्यूटिरो रेफ्रैक्टोमीटर, सेंट्रीफ्यूज, विश्लेषणात्मक तुला, मफल फर्नेस, पीएच मीटर तथा मेल्टिंग पॉइंट उपकरण प्रमुख हैं। इन उपकरणों की सहायता से खाद्य पदार्थों के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप परीक्षण किया जा सकेगा।
एफएसएसएआई द्वारा प्रयोगशाला को दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद, नमक, मसाले एवं कंडिमेंट्स, अनाज एवं अनाज उत्पाद, विविध खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल एवं वसा तथा चाय, कॉफी एवं चिकोरी सहित प्रमुख खाद्य श्रेणियों के परीक्षण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और कार्रवाई को मिलेगी गति
इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को एफएसएसएआई से अधिसूचित किए जाने का सीधा लाभ प्रदेश की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा। अब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों, विनिर्माण इकाइयों, थोक एवं खुदरा विक्रय केंद्रों तथा अन्य खाद्य कारोबार संचालकों से लिए जाने वाले नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा सकेगा।
इससे विशेष रूप से इंदौर संभाग एवं आसपास के क्षेत्रों में नमूनों के परीक्षण की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। नमूनों को परीक्षण के लिए दूर भेजने की आवश्यकता कम होने के साथ ही जांच कार्य के समयबद्ध संचालन में भी सहायता मिलेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट, अशुद्धता तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पहचान करने में प्रयोगशाला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रयोगशाला से प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने में सहायक होगी। इससे मिलावटखोरी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को गति मिलेगी और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

