home page

इंदौरः विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ, 18 जुलाई तक चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम

 | 
इंदौरः विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ, 18 जुलाई तक चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम


इंदौर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक संचालित होगा।

अभियान का उद्देश्य जनसमुदाय में परिवार कल्याण, सुरक्षित मातृत्व एवं जनसंख्या स्थिरता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष अभियान की थीम माँ और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण का सही समय तथा गर्भावस्था के बीच उचित अंतर रखना जरूरी है – अनचाहे गर्भधारण से बचें निर्धारित की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद गुप्ता ने अभियान का शुभारंभ करते हुए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीएमएचओ डॉ. हासानी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता समाज के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बताया कि विवाह की उचित आयु, पहले गर्भधारण का सही समय तथा दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतर रखने से माता और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने समुदाय से परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

उन्होंने बताया कि कम उम्र में गर्भधारण तथा बच्चों के बीच पर्याप्त अंतराल नहीं होने से माँ और नवजात के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए अभियान के दौरान वैज्ञानिक एवं सुरक्षित गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा तथा योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में रैलियां, रंगोली, मेहंदी, सामुदायिक बैठकें, स्वास्थ्य संगोष्ठियां, नारा लेखन एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत विशेष शिविरों में योग्य हितग्राहियों को पीपीआईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली सहित अन्य गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही हितग्राहियों को बास्केट ऑफ चॉइस के माध्यम से विभिन्न परिवार नियोजन विकल्पों की जानकारी देकर उनकी आवश्यकता के अनुसार सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर