home page

इंदौरः बगैर चिकित्सक संचालित अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन की गई सील

 | 
इंदौरः बगैर चिकित्सक संचालित अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन की गई सील


इंदौर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बगैर चिकित्सक के संचालित एक अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन को सील किया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार की गई। यह मशीन पीसी डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन की थी।

इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि पी सी डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन सर्वहारा नगर का एक टीम बनाकर निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्लिनिक पर केवल 01 चिकित्सक डॉ. रिंकू मीणा एमडी रेडियोलॉजिस्ट पंजीकृत थे, किन्तु सक्षम प्राधिकारी द्वारा अवलोकन करने पर पाया गया कि डॉ. रिंकू मीणा बंधपत्र चिकित्सक है। वर्तमान में वह एमवाय चिकित्सालय में कार्यरत है। जिनको निजी केन्द्रों पर बगैर अधिष्ठाता की अनुमति के कार्य करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। फलस्वरूप सम्बन्धित चिकित्सक द्वारा पीसी डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन पर कार्य नहीं किया जा रहा है। जिसके पश्चात् पीसीपीएनडीटी नियमानुसार बगैर चिकित्सक अल्ट्रासोनोग्राफी का संचालन किया जाना सम्भव नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए सम्बन्धित केन्द्र की सोनोग्राफी मशीन आज सील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर