home page

इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए होंगे व्यापक सुधार

 | 
इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए होंगे व्यापक सुधार


- कलेक्टर ने यातायात सुधार के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की

इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात सुधार के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा के साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, वन मंडलाधिकारी सुधाकर लाल सिंह, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, नगर निगम के उपायुक्त आकाश सिंह एवं अभय राजनगांवकर, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम चौराहा, न्याय नगर चौराहा, बंगाली चौराहा, बिजलपुर चौराहा, अमृत होटल एबी रोड तथा पालदा नाका चौराहे के लेफ्ट टर्न को चौड़ा कर सुधार कार्य किए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि शहर के 11 चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़ीकरण का कार्य तेजी से जारी है। इन कार्यों से चौराहों पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात सुगम बनेगा। कलेक्टर वर्मा ने शहर में अनुपयोगी बिजली एवं अन्य खंभों को हटाने तथा अव्यवस्थित खंभों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ऑन-स्ट्रीट पार्किंग व्यवस्था के पायलट प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा तीन सड़कों पर शुरू किए गए इस प्रयोग के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था बेहतर हुई है और यातायात का संचालन भी सुगम हुआ है। इस सफलता को देखते हुए अब पांच और सड़कों पर इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई तथा बेसमेंट पार्किंग के अधिकतम उपयोग के लिए पुलिस, आरटीओ और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में स्कूली बसों की सुरक्षा, मॉनिटरिंग और सत्यापन के लिए तैयार किए जा रहे विशेष पोर्टल ‘शिक्षा सारथी’ की जानकारी दी गई। इस पोर्टल पर बस चालक का सत्यापन, वाहन मालिक का नाम, फिटनेस, इंश्योरेंस, पीयूसी, सीसीटीवी, जीपीएस तथा अन्य सुरक्षा संबंधी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। इससे स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और सत्यापन एक ही प्लेटफॉर्म पर किया जा सकेगा।

वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शैक्षणिक वीडियो भी तैयार किए गए हैं। इनका प्रसारण सोशल मीडिया, स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में इंदौर पुलिस द्वारा विकसित ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ एप की जानकारी भी दी गई। शहर में यातायात संचालन को बेहतर बनाने के लिए 10 स्थानों पर पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं।

बैठक में शहर के ब्लैक स्पॉट की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिचौली हप्सी और कनाड़िया क्षेत्र के बोगदों में रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों के कारण होने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने यातायात पुलिस को लेन अनुशासन का पालन सुनिश्चित कराने तथा रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालक निर्धारित दिशा में आगे जाकर यू-टर्न लेकर ही वापस आएं, जिससे अंडरपास और शहर के प्रवेश मार्गों पर यातायात बाधित न हो।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहरों में यातायात का संचालन बेहतर और सुगम बनाया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न चौराहों पर विकास एवं सुधार कार्य किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर कार्य पूरे हो चुके हैं और उनका लाभ भी मिलने लगा है। शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि चौराहों पर लेफ्ट टर्न फ्री रहें, जिससे वाहनों को अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े। आईटीएस व्यवस्था के माध्यम से चौराहों पर यातायात का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने की भी समीक्षा की गई है। कलेक्टर ने कहा कि इंदौर जनभागीदारी के लिए जाना जाता है। यातायात सुधार के क्षेत्र में भी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और यातायात अनुशासन को प्राथमिकता दें। इसी उद्देश्य से जागरूकता वीडियो तैयार किए गए हैं, जिन्हें विभिन्न माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों के सहयोग से इंदौर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर