इंदौरः पीडब्ल्यूडी के तीन अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
इंदौर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तीन अधिकारियों को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मंगलवार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में जयदेव गौतम (कार्यपालन यंत्री, संभाग-1, इंदौर), टीके जैन (अनुविभागीय अधिकारी, पीडब्ल्यूडी संभाग-1) और अंशु दुबे (उपयंत्री, संभाग-1, इंदौर) को रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया है।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी जयदेव गौतम को उनके शासकीय निवास से 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है, जबकि टीके जैन को कार्यालय परिसर के पोर्च के नीचे से एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी अंशु दुबे ने भी एक लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन कम राशि उपलब्ध होने के कारण उसने रकम नहीं ली। इस प्रकार कुल 2.50 लाख रुपये की राशि जब्त की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

