home page

इंदौरः जिला प्रशासन ने मंदिर की 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

 | 
इंदौरः जिला प्रशासन ने मंदिर की 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त


इंदौर, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने की मुहिम लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को खुड़ैल तहसील के ग्राम गारीपिपलिया में प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए देव धर्मराज मंदिर की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

एसडीएम प्रियंका चौरसिया ने बताया कि ग्राम गारीपिपलिया स्थित देव धर्मराज मंदिर की भूमि सर्वे नंबर 271, रकबा 0.295 हेक्टेयर, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये है, पर इस्माइल पिता भैया निवासी गारीपिपलिया द्वारा अतिक्रमण किया गया था। राजस्व विभाग की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए उक्त भूमि से अतिक्रमण हटाकर मंदिर की भूमि को मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी सहित राजस्व अमला उपस्थित रहा। प्रशासन ने मंदिर तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए शासकीय भूमि सर्वे नंबर 273 से लगभग 700 मीटर लंबा मार्ग भी खुलवाया, जिससे श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर