home page

इंदौरः कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में पशुपालन एवं डेयरी विकास की समीक्षा बैठक सम्पन्न

 | 
इंदौरः कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में पशुपालन एवं डेयरी विकास की समीक्षा बैठक सम्पन्न


- गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना में श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक के पशुपालक को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार

इंदौर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को इंदौर में पशुपालन एवं डेयरी विकास तथा संबंधित विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पशुपालन डेयरी एवं संबंधित विभागों की समीक्षा की गई। साथ ही पशु नस्ल सुधार, दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान, पशु उपचार , टीकाकरण,हरा चारा, कृत्रिम गर्भाधान, किसान कार्ड वितरण, गोबर-गोमूत्र से जैविक खाद बनाना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, दुग्ध संकलन, साईलेज आदि विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त गुप्ता ने निर्देश दिये गये कि संभाग में पशुपालकों को पशुओं के नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाये। डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना को प्रोत्साहित किया जाये। पशुपालकों को उन्नत नस्ल के गोवंश के पालन को बढ़ावा देने के लिये विशेष प्रयास किये जाये। बैठक में निर्देश दिये गये कि संभाग में दुग्ध उत्पादन को नौ प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया जाये एवं इंदौर सहकारी दुग्ध संघ संभाग में दुग्ध संकलन की मात्रा को बढ़ाए। इसके अलावा दुग्ध संघ संभाग के सभी जिलों में दुग्ध द्वारा तैयार सभी उत्पादों की विक्रय हेतु नवीन पार्लरों की स्थापना की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि संभाग के सभी जिलों में पशुओं के क्रय-विक्रय के लिये पशु मेलों एवं पशु हाट को बढ़ावा दिया जाये।

बैठक में गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भारतीय उन्नत नस्ल के गोवंश को बढ़ावा देने के लिये गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना शुरू की गई। इस योजना से जहां पशुपालक प्रोत्साहित होंगे वहीं किसानों की आय में वृद्धि होगी। इस योजना के तहत वृंदावन गांव के पशुपालकों की गाय को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय के पशुपालक को एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, 50 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा 25 हजार रुपये के तृतीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। यह प्रतियोगिता आगामी गोवर्धन पूजा पर सम्पन्न होगा।

बैठक में संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा तथा जिले के कलेक्टर्स, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संचालक, संयुक्त संचालक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराम अम्बेडकर कामधेनु योजना के तहत पशुपालकों को डेयरी लगाने के लिये ऋण सहायता उपलब्ध कराई जाती है। एक ईकाई में एक ही नस्ल के गौ-भैंसवंशीय पशुओं को रखा जाता है। इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 259 लाख गौ-भैंसवशीय उपलब्ध है। जिनमें से केवल 35 प्रतिशत उन्नत नस्ल पशु है। संभाग में सभी पशुओं को हरे चारे के साथ-साथ संतुलित आहार मिले , समय पर टीकाकरण हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। संभाग में हरे चारे की कमी की पूर्ति साईलेज द्वारा की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री गौसेवा योजना अंतर्गत मनरेगा मद से स्वीकृत गौशालाओं की जानकारी दी गई। साथ ही वी.बी.जी. राम जी योजना हिरण्यगर्भा अभियान, नस्ल सुधार, लखपति गौपालक दीदी योजना पर भी चर्चा हुई।

बैठक में इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के मुख्यि कार्यपालन अधिकारी द्वारा बताय गया कि दुग्ध संघ की डेयरी सयंत्र संसाधन क्षमता चार लाख लीटर प्रति दिन है। यहां दूध के साथ श्वेत मक्खन , दुग्ध चूर्ण आदि का उत्पादन किया जाता है। दुग्ध संघ की नौ जिलों में 2637 दुग्ध समितियां है। दुग्ध समितियों द्वार दुग्ध संकलन का कार्य किया जा रहा है और हितग्राहियों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। भारत सरकार की एनपीडीडी परियोजना के अंतर्गत संकलित दूध की गुणवत्ता को बनाये रखने के लिये 23 नवीन बीएमसी की स्थापना की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर