home page

इंदौरः आरई-2 रोड निर्माण में बाधक शिव नगर, मुसाखेड़ी के लगभग 130 मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी

 | 
इंदौरः आरई-2 रोड निर्माण में बाधक शिव नगर, मुसाखेड़ी के लगभग 130 मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी


इंदौरः आरई-2 रोड निर्माण में बाधक शिव नगर, मुसाखेड़ी के लगभग 130 मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी


- प्रभावित परिवारों को फ्लैट आवंटित कर किया गया शिफ्ट

इंदौर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आरई-2 रोड निर्माण में बाधक शिव नगर, मुसाखेड़ी स्थित लगभग 130 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। इन मकानों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 90 करोड़ रुपये बताया गया है।

कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जूनी इंदौर एवं तहसीलदार, जूनी इंदौर के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर निगम इंदौर तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समन्वय के साथ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम अभय राजनगांवकर, एसडीएम घनश्याम धनगर तथा उपायुक्त पुलिस सुमित केरकट्टा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि कार्रवाई के तहत प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की गई है। इन परिवारों को फ्लैट आवंटित कर वहां शिफ्ट किया गया है। आरई-2 रोड निर्माण को सुगम बनाने के उद्देश्य से संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा सड़क निर्माण में बाधक संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई सतत रूप से जारी है।

ग्राम बरदरी में शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण

इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में शुक्रवार को अनुभाग मल्हारगंज के ग्राम बरदरी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाकर भूमि को सुरक्षित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, ग्राम बरदरी में संजीवनी क्लिनिक एवं आंगनवाड़ी भवन के निर्माण के लिए शासकीय भूमि संरक्षित की गई है। इन जनहितकारी सुविधाओं के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य में भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा मौके पर फेंसिंग भी करवाई गई। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने और जनहित में उसके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर