इंदौरः खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई, रिहायशी इलाके में घर से बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर जब्त
इंदौर, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार को खाद्य विभाग के अमले द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग द्वारा एक शिकायती सूचना के आधार पर गोमटगिरी स्थित महावीर परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर जप्त किये गये हैं।
खाद्य नियंत्रक एम.एल मारू ने बताया कि यह कार्रवाई मकान नंबर 4 महावीर परिसर गोमटगिरी के प्रेमचंद जैन के मकान पर की गई। यहां से इंडेन गैस के 14.2 किलोग्राम के घरेलु भरे 12 सिलेंडर,, इंडेन कंपनी के 19 किलोग्राम के व्यावसायिक 65 सिलेंडर, एवं 5 किलोग्राम के 7 गैस सिलेंडर कुल 84 गैस सिलेंडर जप्त किया गए हैं।
प्रेमचंद जैन द्वारा बताया गया कि उनके भतीजे अभय जैन द्वारा खजूरिया श्याम कैटरिंग के नाम से कैटरिंग का काम किया जाता है एवं उनका होटल भी है। अवध गैस एजेंसी के सिलेंडर से लेने का प्रारंभिक जांच में पता चला है जिस पर जांच जारी है।
रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में गैस सिलेंडरों के अवैधानिक रूप से भंडारण से बड़ी दुर्घटना की आशंका थी। इसको देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाये।
प्रकरण में प्रेमचंद जैन पुत्रनेमीचंद जैन निवासी महावीर परिसर एवं खजुरिया श्याम कैटरिंग के प्रोपराइटर अभय जैन पर आवश्यक वस्तु नियम की धारा 3,7 अंतर्गत प्रकरण पंजीकृत किया गया जाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

