home page

इंदौर नगर निगम का बड़ा फैसला: हर कार्यक्रम में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अनिवार्य

 | 
इंदौर नगर निगम का बड़ा फैसला: हर कार्यक्रम में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अनिवार्य


इंदौर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम के हर आयोजन के प्रारंभ में अब राष्ट्रीय गीत और अंत में राष्ट्रीय गान होगा। यह निर्णय सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में हुई महापौर परिषद की विशेष बैठक में लिया गया।

बैठक में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, महापौर परिषद सदस्य प्रिया डांगी, निरंजनसिंह चौहान, नंदकिशोर पहाडिया, राजेश उदावत, अभिषेक शर्मा, राकेश जैन, सभी अपर आयुक्त और विभागीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया।

सिटी बस कार्यालय में हुई बैठक में सामान्य प्रशासन प्रभारी ने निगम आयोजन के प्रारंभ एवं अंत में राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान गाने के संबंध में प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

महापौर भार्गव ने बैठक में कहा कि केवल सशक्तिकरण नहीं, बल्कि महिला के नेतृत्व में सशक्तिकरण है। नारी शक्ति अधिनियम के माध्यम से देश की महिला शक्ति को राजनीति में देश का नेतृत्व करने का माध्यम मिलने वाला है। यह बिल विकसित भारत के संकल्प को भी पूरा करेगा। बैठक में यह संकल्प भी लिया गया कि इस बिल के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इस बिल से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में जो प्रतिनिधित्व मिलेगा, वह पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का काम करेगा।

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया है कि संपत्तिकर का 30 जून तक अग्रिम भुगतान करने वालों को 6.25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

ये प्रस्ताव भी हुए स्वीकृत

महापौर परिषद बैठक में कायाकल्प अभियान योजना अंतर्गत टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका बाणगंगा तक राशि 20 करोड़ रुपये की लागत से लिंक रोड निर्माण की निविदा आमंत्रण की स्वीकृति दी गई। इंदौर क्षेत्रांतर्गत 98 लाख से अधिक की लागत से 25 स्मार्ट शौचालय मय 15 वर्ष के संचालन-संधारण के संबंध में प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। कबीट खेड़ी स्थित 245 एमएलडी के एसबीआर आधारित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व 100 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन, सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं संबद्ध कार्यों हेतु संचालन-संधारण कार्य की वृद्धि को भी मंजूरी दी गई। लवकुश विहार स्थित उद्यान का नाम जसुबेन गोस्वामी के नामकरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर