home page

इंदौरः मंत्री सिलावट ने छह ग्राम पंचायतों को पेयजल टैंकर किए वितरित

 | 
इंदौरः मंत्री सिलावट ने छह ग्राम पंचायतों को पेयजल टैंकर किए वितरित


इंदौर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को अपने इंदौर स्थित निज निवास कार्यालय पर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए छह ग्राम पंचायतों को लगभग 10 लाख रुपये की लागत के पेयजल टैंकर वितरित किए।

मंत्री सिलावट ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत केलोदहाला, सेमलिया रायमल, खुदेल बुजुर्ग, बिलोदा नायता, पंचोला एवं शाहदा के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों को पेयजल टैंकरों की चाबियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्षभर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रहती है। ऐसे अवसरों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था एक महत्वपूर्ण आवश्यकता होती है। इसके अतिरिक्त गर्मी के मौसम अथवा अन्य परिस्थितियों में यदि किसी क्षेत्र में पेयजल की आवश्यकता उत्पन्न होती है तो ये टैंकर त्वरित रूप से उपयोग में लाए जा सकेंगे। इससे ग्राम पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों को समय पर पेयजल उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

मंत्री सिलावट ने ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे इन टैंकरों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं जनहित की भावना के साथ करें, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेगा तथा ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर एवं अधिक सक्षम बनेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर