इंदौरः आबकारी विभाग ने महू क्षेत्र में 2.17 लाख रुपये की अवैध मदिरा, महुआ लहान व अन्य सामग्री की जब्त
इंदौर, 05 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शराब का अवैध रूप से क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को आबकारी विभाग ने महू क्षेत्र से 2.17 लाख रुपये की अवैध मदिरा, महुआ लहान व अन्य सामग्री जब्त की है।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि गुरुवार आबकारी विभाग के अमले द्वारा वृत्त महू में विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आबकारी अमले द्वारा महू के भौंडिया तालाब, बंजारी, भाटखेड़ी सहित कुल 10 छापों स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 210 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 1750 किलोग्राम महुआ लहान सैंपल लेकर मौके पर ही नष्ट कराई गई। मदिरा, महुआ लहान व अन्य सामग्रियों का कुल बाज़ार मूल्य लगभग दो लाख 17 हजार रुपये है। उक्त कार्रवाई में 10 प्रकरण आबकारी अधिनियम 1915 के अंतर्गत विभिन्न धाराओं के तहत पंजीबद्ध किये गये।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

