home page

इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गुजरात से आई 350 किलोग्राम मिठाई जप्त

 | 
इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गुजरात से आई 350 किलोग्राम मिठाई जप्त


इंदौर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विशेष निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को संयुक्त दल द्वारा 165, ऋषि नगर, हवा बंगला रोड, इंदौर स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रोपराइटर निलेश राठौर उपस्थित पाए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर गुजरात से आई श्री गोविंद स्वीट्स की दस-दस किलोग्राम की कंपनी पैकिंग के पैकेट पाए गए। प्रतिष्ठान संचालक द्वारा इन पैकेटों को खोलकर मिठाई को पेड़े के आकार में तैयार कर ट्रांसपेरेंट डिब्बों में पैक कर बिना आवश्यक डिक्लेरेशन के विक्रय किया जाना पाया गया।

प्रारंभिक निरीक्षण में उक्त मिठाई में मिल्क सॉलिड के साथ वेजिटेबल फैट का उपयोग पाया गया। मौके से मिठाई के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही लगभग 350 किलोग्राम मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹60,000 है, को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक जप्त किया गया।

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई

इसी क्रम में जैन नमकीन, विजय नगर से विभिन्न प्रकार के नमकीन के कुल 06 नमूने जांच हेतु लिए गए।इसके अतिरिक्त गोकुल प्रोडक्ट सप्लायर, दिव्यराक कॉलोनी, इंदौर से मिठाई के कुल 03 नमूने जांच हेतु लिए गए।भगत सिंह नगर (भगत सिंह मार्ग) स्थित मेसर्स श्री कृष्णा दूध दही भण्डार का निरीक्षण कर विक्रेता अम्बालाल (पिता नारूलाल जाट, आयु 26 वर्ष) से मावा और मावा कतली के नमूने लिए गए

सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम , 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिठाई एवं नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर