home page

इंदौरः पशुपालकों को मिलेगी घर पहुंच कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा, 1962 पर कॉल करते ही पहुंचेगी ‘ई-मैत्री’ सेवा

 | 
इंदौरः पशुपालकों को मिलेगी घर पहुंच कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा, 1962 पर कॉल करते ही पहुंचेगी ‘ई-मैत्री’ सेवा


- इंदौर जिले में पायलट परियोजना के रूप में हुई शुरुआत, पशुपालकों को मिलेगी बड़ी राहत

इंदौर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा पशुपालकों को पशु प्रजनन संबंधी सेवाएं सुगमता, सुलभता एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभिनव पहल प्रारंभ की गई है। इस नवीन व्यवस्था के तहत अब पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा के लिए पशु चिकित्सा संस्थाओं तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पशुपालक 1962 कॉल सेंटर पर फोन कर घर बैठे ही कृत्रिम गर्भाधान की सेवा प्राप्त कर सकेंगे।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग, इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. मनीष इंगोले ने गुरुवार को जानकारी देते हुए इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रशिक्षित मैत्री (ग्रामीण भारत में बहु-उद्देश्यीय एआई तकनीशियन) कार्यकर्ताओं के माध्यम से पशुपालकों को घर पहुंच कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए पशुपालक 1962 कॉल सेंटर पर संपर्क कर अपनी मांग दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त मांग के आधार पर संबंधित मैत्री कार्यकर्ता पशुपालक के घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कृत्रिम गर्भाधान की सेवा प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि यह नवीन व्यवस्था पायलट परियोजना के रूप में इंदौर जिले में 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ की गई है। पायलट परियोजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्राप्त परिणामों के मूल्यांकन के आधार पर इस व्यवस्था का विस्तार प्रदेश के अन्य जिलों में भी किया जाएगा।

संयुक्त संचालक डॉ. इंगोले ने बताया कि इस पहल से पशुपालकों को उनके घर पर ही कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे पशु प्रजनन सेवाओं की पहुंच एवं उपलब्धता में सुधार होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत प्रशिक्षित मैत्री कार्यकर्ताओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में भी सहायता मिलेगी। विभाग द्वारा इस नवीन व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवा की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि पशुपालकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर