इंदौरः खजराना गणेश मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान गणेश को अर्पित किया गया 56 व्यंजनों का भोग
- कलेक्टर शिवम वर्मा एवं नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने की पूजा-अर्चना
इंदौर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित श्री गणपति मंदिर, खजराना में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश को 56 व्यंजनों का भव्य भोग अर्पित किया गया।
कलेक्टर एवं श्री गणपति मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा तथा नगर निगम आयुक्त एवं मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक क्षितिज सिंघल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया। मंदिर प्रबंध समिति कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से इस विशेष आयोजन का भव्य स्वरूप में आयोजन किया गया।
शास्त्रों में वर्णित षट् रसों को समाहित करते हुए तैयार किए गए छप्पन भोग में नमकीन, मिष्ठान्न, अम्लीय, क्षारीय, कसैले एवं मिर्चयुक्त व्यंजनों के साथ सूखे मेवे, मावा, फल, तांबूल सहित विभिन्न प्रकार के पकवान शामिल किए गए। पूजा-अर्चना के पश्चात दोनों अधिकारियों ने भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मास्टर प्लान के कार्यों की दी गई जानकारी, सर्व सुविधा केंद्र निर्माण को सहमति
पूजन-अर्चन के पश्चात दानदाता द्वारा मंदिर के अनुमोदित मास्टर प्लान के अनुरूप प्रस्तावित एवं प्रथम चरण में किए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर प्लान के नियोजन एवं प्रथम चरण के कार्यों से जुड़े वास्तुविद हिमांशु एवं समन्वयक ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी अधिकारियों को दी।
इस दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा को अवगत कराया गया कि अग्रवाल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी पी.डी. अग्रवाल मंदिर के अनुमोदित मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्यों में सहयोग करना चाहते हैं। उनकी इस सेवा भावना का सम्मान करते हुए श्री वर्मा ने तत्काल सर्व सुविधा केंद्र का निर्माण कार्य पी.डी. अग्रवाल के माध्यम से करवाए जाने की सहमति प्रदान की।
अन्नक्षेत्र में अन्नकूट प्रसादी का आयोजन, 3000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण की भोजन प्रसादी
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर स्थित अन्नक्षेत्र में अन्नकूट भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं नगर निगम आयुक्त क्षितिज कुमार सिंघल ने भी अन्नक्षेत्र पहुंचकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। साथ ही अन्नक्षेत्र के आजीवन सदस्यों का सम्मान भी किया गया।
पूजन-अर्चन मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट, जयदेव भट्ट, सुमित भट्ट, सतपाल महाराज एवं विनीत भट्ट द्वारा संपन्न कराया गया। आयोजन में मंदिर मैनेजर एवं सहायक प्रबंधक के मार्गदर्शन में राजेश वर्मा, आकाश राठौर तथा अलका एवं जया ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

