home page

इंदौरः अनंत चतुर्दशी चल समारोह मार्ग का अधिकारियों ने बस से किया संयुक्त निरीक्षण

 | 
इंदौरः अनंत चतुर्दशी चल समारोह मार्ग का अधिकारियों ने बस से किया संयुक्त निरीक्षण


- पुलिस आयुक्त, कलेक्टर और निगम आयुक्त सहित अधिकारियों ने जगह-जगह रुककर देखीं व्यवस्थाएं

इंदौर, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक साथ बस में सवार होकर झांकी मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों का यह भ्रमण डीआरपी लाइन से प्रारंभ होकर राजवाड़ा में सम्पन्न हुआ।

अधिकारियों ने पूरे मार्ग का भ्रमण करते हुए जगह-जगह बस रोककर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत, अग्निशमन, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा मौके पर आवश्यक निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि चल समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता रहे। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। संवेदनशील एवं अधिक भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि झांकी मार्ग पर विद्युत व्यवस्था निर्बाध एवं सुरक्षित रहे। विद्युत लाइनों, कनेक्शनों और अन्य उपकरणों की आवश्यक जांच समय रहते पूरी की जाए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, फायर ब्रिगेड की पर्याप्त उपलब्धता तथा आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने झांकी मार्ग पर स्थित जर्जर एवं खतरनाक मकानों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। ऐसे भवनों के आसपास भीड़ को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने तथा आवश्यक होने पर संबंधित भवनों के संबंध में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर वर्मा ने ध्वनि नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा झांकी मार्ग पर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों को झांकी मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग में आने वाली संभावित व्यवस्थागत चुनौतियों को भी देखा और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीआरपी लाइन से शुरू हुआ अधिकारियों का यह संयुक्त बस भ्रमण झांकी मार्ग के प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंचकर सम्पन्न हुआ। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अनंत चतुर्दशी चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सहभागिता को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि समारोह सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम रूप से सम्पन्न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर