home page

इंदौरः जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, मौके पर किया निराकरण

 | 
इंदौरः जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, मौके पर किया निराकरण


इंदौरः जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, मौके पर किया निराकरण


- हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ वितरित

इंदौर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को हातोद नगर परिषद में जिला स्तरीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने सहभागिता कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर में कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर वर्मा ने जनसंवाद के दौरान नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया। शिविर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, रास्ते के विवाद तथा सामाजिक उपयोग के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने का आह्वान भी किया। शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्री वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान वृद्धा भूरीबाई को पेंशन का लाभ दिलाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अरुण प्रजापत की आवास निर्माण की अंतिम किस्त जमा कराई गई। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत चंदा बाई को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा पांच हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। शिविर में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा आधार कार्ड एवं आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों एवं किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उद्यमी परेश चिंचालकर एवं दिव्येश झंवर ने अपनी सफलता की कहानी सुनाकर उपस्थित नागरिकों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित किया। हातोद के भारत सिंह पटेल एवं अब्दुल अजीज ने जैविक खेती के अनुभव साझा करते हुए इसके महत्व एवं लाभों की जानकारी दी।

विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

शिविर में शामिल होने के पूर्व कलेक्टर वर्मा ने हातोद स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के महत्व के बारे में बताया।

इसके पश्चात कलेक्टर वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हातोद का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूति सेवाओं, टीकाकरण एवं पैथोलॉजी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का भी निरीक्षण किया तथा यहां सोनोग्राफी सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में 113 ग्रामीणों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में हातोद स्थित ब्रह्मा परिसर में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क औषधि वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 113 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को आयुष पद्धति के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। उन्हें दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व, स्वच्छता, संतुलित आहार तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न औषधीय पौधों के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में औषधीय पौधे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि शिविर में उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें हातोद के स्थानीय आयुर्वेदिक औषधि निर्माता उद्यमी ने अपने अनुभव साझा किए तथा शासकीय सहयोग एवं उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उद्यमी को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर तथा साफा बांधकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर