home page

इंदौरः खेती में नवाचार को मिला सम्मान, संभाग के 24 किसानों की चमकी किस्मत

 | 
इंदौरः खेती में नवाचार को मिला सम्मान, संभाग के 24 किसानों की चमकी किस्मत


इंदौरः खेती में नवाचार को मिला सम्मान, संभाग के 24 किसानों की चमकी किस्मत


- प्रत्येक जिले के तीन किसानों को मिला ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटी का पुरस्कार

इंदौर, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026’ के अंतर्गत इंदौर संभाग के आठों जिलों के 24 किसानों को पुरस्कृत किया गया।

रविवार को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर संभाग के सभी जिलों में आयोजित मुख्य समारोहों में प्रत्येक जिले से चयनित तीन-तीन विजेता किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इस योजना के तहत प्रत्येक जिले के प्रथम पुरस्कार विजेता को 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार विजेता को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार विजेता को 1 लाख 20 हजार रुपये की ई-स्कूटी के लिए राशि प्रदान की गई।

इंदौर जिले में देपालपुर तहसील के ग्राम बछौड़ा निवासी जितेंद्र पुत्र प्रहलाद सिंह मौर्य को प्रथम, हातोद तहसील के ग्राम कराड़िया निवासी गोपाल सिंह पुत्र रूपचंद चौधरी को द्वितीय तथा मल्हारगंज तहसील के ग्राम नैनोद निवासी शैलेन्द्र पुत्र गोकुल सिंह को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। धार जिले में ग्राम बोधवाड़ा, तहसील कुक्षी निवासी किशोर यादव को प्रथम, ग्राम बक्साना, तहसील पीथमपुर निवासी हीरासिंह चौहान को द्वितीय तथा ग्राम एकलरखुर्द, तहसील धरमपुरी निवासी उदय पाटीदार को तृतीय पुरस्कार मिला।

बुरहानपुर जिले में ग्राम सावली रैयत, तहसील खकनार निवासी पवन गढवे प्रथम, ग्राम लोनी तहसील बुरहानपुर निवासी अक्षय महाजन द्वितीय तथा ग्राम सिरसोदा तहसील बुरहानपुर निवासी निलेश चौधरी तृतीय पुरस्कार के विजेता रहे। झाबुआ जिले में ग्राम घुघरी, तहसील पेटलावद निवासी नरेंद्र पोरवाल को प्रथम, ग्राम मदरानी, तहसील मेघनगर निवासी अरुण बारिया को द्वितीय तथा ग्राम सामली, तहसील पेटलावद निवासी मोती मेड़ा को तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

आलीराजपुर जिले में ग्राम वंझाबायड़ा, तहसील जोबट निवासी कलम सिंह डुडवे को प्रथम, ग्राम चिखली, तहसील सोण्डवा निवासी किस्मत मंडलोई को द्वितीय तथा ग्राम कालीखेतर, तहसील जोबट निवासी कैलाश मीनावा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। खरगोन जिले में ग्राम डोंगरगांव, तहसील खरगोन निवासी श्याम पाटीदार प्रथम, ग्राम राजुर, तहसील खरगोन निवासी संगीता पाटीदार द्वितीय तथा ग्राम भोगांव सिपानी, तहसील सनावद निवासी रामविलास बिरला तृतीय पुरस्कार के विजेता बने।

बड़वानी जिले में ग्राम पोसपुर, तहसील पाटी निवासी राकेश सस्ते को प्रथम, ग्राम काकरिया, तहसील ठीकरी निवासी राधेश्याम चौहान को द्वितीय तथा ग्राम भागसुर, तहसील राजपुर निवासी सुनील काग को तृतीय पुरस्कार मिला। खंडवा जिले में ग्राम गरबड़ी रैयत, तहसील न्यू हरसूद निवासी विनोद पंवार को प्रथम, ग्राम पोखरकला, तहसील पंधाना निवासी सोनाली चौहान को द्वितीय तथा ग्राम टेमरुखोदरा, तहसील न्यू हरसूद निवासी लालू यादव को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर