इंदौरः आईएएस भास्कर लक्षकार ने संभागायुक्त का पदभार किया ग्रहण, डॉ. खाड़े को दी गई भावभीनी विदाई
इंदौर, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर लक्षकार ने सोमवार को इंदौर संभाग के नए संभागायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान लक्षकार ने संभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक कार्यों की जानकारी भी ली।
संभागायुक्त कार्यालय में अधिकारियों ने भास्कर लक्षकार का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा डॉ. सुदाम खाड़े को उनके कार्यकाल के लिए भावभीनी विदाई दी। पदभार ग्रहण करने के बाद भास्कर लक्षकार ने कहा कि इंदौर संभाग में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े से उनका पुराना आत्मीय संबंध है। उन्होंने बताया कि जब वे प्रशासनिक सेवा में प्रोबेशनर थे, तब डॉ. खाड़े उनके कलेक्टर रहे थे।
लक्षकार ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की प्राथमिकताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करना होगी। उन्होंने कहा कि इंदौर संभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति पहले से स्थापित है और उनकी कोशिश रहेगी कि टीम वर्क, बेहतर समन्वय और नवाचार के माध्यम से इसे और ऊंचे स्तर पर ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने और जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने अपने संबोधन में इंदौरवासियों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल भले ही लगभग 11 माह का रहा हो, लेकिन उन्हें ऐसा स्नेह और सहयोग मिला, मानो वे वर्षों तक इंदौर परिवार का हिस्सा रहे हों। उन्होंने कहा कि इस दौरान संभाग में अनेक विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
डॉ. खाड़े ने विश्वास व्यक्त किया कि नए संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार अपने अनुभव, गंभीर कार्यशैली और नवाचारों के माध्यम से शासन की प्राथमिकताओं को नई गति देंगे तथा इंदौर संभाग को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर अपर आयुक्त तरुण भटनागर, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की अपर संचालक सपना अनुराग जैन तथा सारिका भूरिया, इंदौर विकास प्राधिकरण के कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, उपायुक्त (राजस्व) सपना लोवंशी, संयुक्त आयुक्त (विकास) शिवानी वर्मा, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के उपायुक्त रजनीश कसेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि इसके पूर्व भास्कर लक्षकार खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में आयुक्त सह-संचालक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने प्रदेश में मुरैना, गुना एवं रतलाम जिले के कलेक्टर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दी।
नवागत संभागायुक्त भास्कर लक्षकार कार्यभार गृहण करने के पूर्व इंदौर के पुरातन श्री खजराना गणेश मंदिर और श्री रणजीत हनुमान मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने सहपरिवार मंदिर के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

