home page

इंदौरः मंत्री सिलावट ने वार्ड-36 में ढाई करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

 | 
इंदौरः मंत्री सिलावट ने वार्ड-36 में ढाई करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण


- 20 हजार से अधिक रहवासियों को मिलेगा लाभ

इंदौर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के नगरीय वार्ड क्रमांक-36 में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन कार्यों से क्षेत्र के 20 हजार से अधिक रहवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मंत्री सिलावट ने बताया कि वार्ड-36 में विभिन्न स्थानों पर निर्मित 6 नए गार्डनों का लोकार्पण किया गया है। इन गार्डनों में नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पाथवे, गज़ीबो, फव्वारा, फाउंटेन तालाब, आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही वृद्धजन, युवाओं एवं बच्चों के लिए झूले, चकरी और जिम उपकरण भी लगाए गए हैं। योगाभ्यास के लिए पृथक स्थान विकसित किया गया है, जहां एक साथ 50 से अधिक लोग योग कर सकते हैं। इसके साथ ही वार्ड-36 के तिरूमला ग्रीन्स, तिरूमला एवं धनलक्ष्मी सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने हेतु भूमिपूजन किया गया। इस योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के हजारों परिवारों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

सिलावट ने कहा कि वार्ड-36 आदर्श वार्ड की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि विधायक एवं मंत्री बनने के बाद से अब तक इस वार्ड में लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं तथा करीब 20 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, जिन पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा, तालाब, गार्डन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा संजीवनी क्लीनिक भी संचालित है।

कार्यक्रम में बब्लू शर्मा, जलकार्य प्रभारी सुरेश कुलवाडे, पार्षद राकेश सोलंकी, मंत्री प्रतिनिधि पप्पू शर्मा, यशवंत शर्मा, महेश मंत्री, वंदना शर्मा, पूर्व सरपंच विक्रम सिंह, पेयजल प्रभारी पंकज दहायत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर