home page

इंदौरः विभिन्न प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई

 | 
इंदौरः विभिन्न प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई


इंदौर, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सोमवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि बायपास स्थित करी ईव्स रेस्टोरेंट की शाखा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मियों के आवश्यक मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। किचन में खुले डस्टबिन पाए गए तथा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही फ्रिज में रखा जाना पाया गया। मौके से रेड ग्रेवी, ब्राउन ग्रेवी, पनीर एवं दही के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए।

वहीं, व्हाट्सऐप पर प्राप्त शिकायत के आधार पर न्यू पलासिया स्थित अपना स्वीट्स का निरीक्षण खाद्य सुरक्षा प्रशासन के दल द्वारा किया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं खाद्य स्वच्छता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके से प्रतिष्ठान द्वारा स्वनिर्मित हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, किचन किंग मसाला, तैयार आलू मसाला, तैयार दाल, तैयार मिक्स वेज एवं तैयार बटर पनीर के कुल 07 नमूने जांच हेतु लिए गए। लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है।

साउथ तुकोगंज स्थित न्यू सुंदर होटल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र एवं खाद्य परीक्षण संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए गए। उक्त कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है। मौके से पनीर एवं चावल के कुल 02 नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकार आज की कार्रवाई में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 13 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर