home page

इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित

 | 
इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित


इंदौरः खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित


- 3 प्रतिष्ठानों से घी एवं नमकीन के 4 नमूने जांच हेतु लिए गए

इंदौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को की गई कार्रवाई के आधार पर आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित किया गया तथा गुरुवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए।

अत्यधिक गंदगी में केक निर्माण पाए जाने पर आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 07 अक्टूबर 2026 को विभाग की टीम द्वारा आयुष बेकरी, छोटा बांगड़दा, इंदौर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। प्रतिष्ठान के बाहर कचरा डंप किया हुआ था तथा उसी स्थान के समीप केक का बेस तैयार किया जा रहा था।

केक तैयार करने की प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां एवं मक्खियां पाई गईं। फ्रीजर एवं फ्रिज की सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई तथा एक्सपायर्ड चेरी का उपयोग किया जाना पाया गया। मौके पर खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि प्रतिष्ठान में तैयार किए जाने वाले केक का आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समेन के माध्यम से विक्रय किया जाता है।

गंभीर स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं एवं लोक स्वास्थ्य के हित को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निलंबित किए जाने हेतु प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को प्रेषित किया गया था। उक्त प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए पंजीयन प्राधिकारी द्वारा आज 08 अक्टूबर 2026 को आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया है।

बालाजी एंटरप्राइजेज से पतंजलि गाय के घी का नमूना

मुख्यालय भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार आज बालाजी एंटरप्राइजेज, साहिल एलाइट, स्कीम नंबर 140, अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पतंजलि गाय के घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। नमूने को विस्तृत जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम मैदानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शारदा देवी इंटरप्राइजेज से पतंजलि गाय के घी का नमूना

शारदा देवी इंटरप्राइजेज, भंवरकुआ मेन रोड, इंदौर का निरीक्षण कर वहां से पतंजलि गाय के घी का खाद्य नमूना जांच हेतु लिया गया। नमूने को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर रंजीत के नमकीन का निरीक्षण

सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा रंजीत के नमकीन, मोती तबेला मेन रोड, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी श्री संतोष जायसवाल, पिता श्री रामनारायण जायसवाल की उपस्थिति में रतलामी सेव एवं खट्टा-मीठा मिक्सचर के कुल 02 खाद्य नमूने लिए गए। दोनों नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। उक्त अनियमितता के संबंध में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।

कुल 4 खाद्य नमूने जांच हेतु भेजे जा रहे हैं

विभाग के अनुसार, गुरुवार की कार्रवाई में विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 04 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 02 नमूने पतंजलि गाय के घी के तथा 02 नमूने नमकीन के हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर