home page

इंदौरः हाईकोर्ट में “उल्लास-एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर निबंध प्रतियोगिता संपन्न

 | 
इंदौरः हाईकोर्ट में “उल्लास-एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर निबंध प्रतियोगिता संपन्न


इंदौर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति विवेक रुसिया के निर्देशानुसार तथा न्यायमूर्ति आनंद पाठक द्वारा तैयार किए गए एडवाइजरी फ्रेमवर्क के अनुक्रम में प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर के मार्गदर्शन में रविवार को “उल्लास — एक अभिनव प्रयोग” कार्यक्रम के अंतर्गत उच्च न्यायालय खंडपीठ, इंदौर में “पर्यावरण संरक्षण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा एवं लेखन कौशल को प्रोत्साहित करना था। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं, स्वच्छ एवं हरित वातावरण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 8 वर्ष, 9 से 14 वर्ष तथा 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग में विभक्त कर किया गया। आयु वर्ग 1 से 8 वर्ष में ममतेश पाल ने प्रथम, रियांशी यादव ने द्वितीय तथा तेजस्विनी त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयु वर्ग 9 से 14 वर्ष में रितिका निपाने ने प्रथम, आराध्या पाण्डेय ने द्वितीय तथा नेत्री शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार आयु वर्ग 15 से 18 वर्ष में नंदनी कुशवाह ने प्रथम, अक्षिता मिश्रा ने द्वितीय तथा कृष्णा ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागियों को प्रिंसिपल रजिस्ट्रार अनूप त्रिपाठी एवं ओएसडी नीरज मालवीय द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

पुरस्कार वितरण के अवसर पर विजयी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों के साथ उनके माता-पिता, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ, इंदौर तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निबंध प्रतियोगिता के साथ ही उच्च न्यायालय कर्मचारी साख संस्था मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर का वार्षिक सम्मेलन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। जिसमें विषय सूची अनुसार प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर