home page

इंदौरः संभागायुक्त ने ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

 | 
इंदौरः संभागायुक्त ने ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा


इंदौर, 12 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 18-19 जून को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित तीर्थनगरी ओंकारेश्वर आएंगी। राष्ट्रपति यहां विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सिद्धार्थ बहुगणा के साथ ओंकारेश्वर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 18 एवं 19 जून को राष्ट्रपति के ओंकारेश्वर के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के सम्बंध में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा, सिकल सेल एनीमिया की स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. रूही खान के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने इस दौरान ओंकारेश्वर में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल एवं हैलिपेड पर जाकर वहां की व्यवस्थाओं के सम्बंध में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ज्योतिर्लिंग मन्दिर में जाकर वहां की जाने वाली व्यवस्थाओं के सम्बंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया। कमिश्नर डॉ. खाड़े ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को हैलिपेड एवं कार्यक्रम स्थल पर बेरिकेडिंग के सम्बंध में निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व्यवस्था, वहां की साफ-सफाई तथा शहर की सड़कों की रिपेयरिंग के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी से कहा। डॉ. खाड़े ने कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी कर्मचारियों के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी करने के लिए भी कहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर