home page

इंदौरः संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने प्राधिकरण के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

 | 
इंदौरः संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने प्राधिकरण के विकास कार्यों का किया निरीक्षण


इंदौरः संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने प्राधिकरण के विकास कार्यों का किया निरीक्षण


इंदौर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने शनिवार को इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से एमआर-11 रोड, टीपीएस-3 एवं एमआर-12 रोड पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान आईडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप केरकेट्टा ने संभागायुक्त लाक्षाकार को विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। संभागायुक्त लाक्षाकार ने परियोजना की ड्राईंग एवं रिपोर्ट देखी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाये।

समयावधि में शिकायतों के निराकरण नहीं होने, समय पर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर जताई नाराजगी

इससे पहले संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने पहली समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विभागों से खासी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि समयावधि पत्रों का समय सीमा में निराकरण नहीं होना संबधित अधिकारी की असक्षमता दर्शाता है। समयसीमा के प्रकरणों के निराकरण के लिए 2 वर्षों तक का समय लेना अच्छा नहीं है। खासकर छोटी-छोटी शिकायतों पर समय पर जांच नहीं हो पाना, खेदजनक है।

उन्होंने उपयंत्री की जांच के मामले में लंबित शिकायत की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि कार्यपालन यंत्री की रिपोर्ट में स्पष्ट अभिमत नहीं है, अत: कार्यपालन यंत्री को शोकाज नोटिस जारी किया जाए। साथ ही उन्होंने जनजातीय विभाग के छात्रावासों में उपलब्ध संसाधनों की शिकायत के संबंध में कहा कि सभी छात्रावासों के चेकलिस्ट तैयार कर उसे संबधित विभाग को जारी करें, जिसे प्रतिमाह सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी और संबधित विभाग अपडेट करेंगे।

बैठक में संभागायुक्त लाक्षाकार ने इंदौर ख़ासगी ट्रस्ट के प्रकरण में कहा कि भेजी जाने वाले रिपोर्ट से विभाग, शाखा और अधिकारी संतुष्ट होना चाहिए। रिपोर्ट ऐसी हो कि जिससे समस्या का निराकरण हो सके। अभिमत के साथ स्पष्ट रिपोर्ट होना जरूरी है।

इंदौर के देपालपुर क्षेत्र में हुए अतिक्रमण पर नाराजगी प्रकट करते हुए संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि संबंधित जाँच अधिकारी अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच तीन माह में भी नहीं कर पाए है। इस प्रकरण में अतिक्रमणकर्ताओं को तीन स्मरण पत्र भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वाले अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ विधि अनुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाये और विधिसम्मत उन्हें हटाया जाये। इंदौर के लिम्बोदी क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण के प्रकरण में संबंधित जाँच अधिकारी दो-दो माह में भी जाँच कर उच्च अधिकारियों को सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पटवारी का कार्य बहुत ही निराशाजनक है। शासकीय नाले पर अतिक्रमण की शिकायत मामले पर नाराजगी प्रकट की।

बैठक में संभागायुक्त लाक्षाकार ने कनकेश्वरी धाम में सूख रहे डेढ़ लाख पौधों के मामले में नगर निगम द्वारा अब तक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही एनएचएआई द्वारा बनाये जा रहे खण्डवा-इंदौर रोड का निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने पर कहा कि इसे शीघ्र पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि सरदार सरोवर परियोजना के तहत विस्थापित द्वारा दिए गये धरने की जाँच एनवीडीए करें।

संभागायुक्त ने कहा कि एमजीएम आउटसोर्स कंपनी द्वारा सेलरी में कटौती करने एवं मनमाने ढंग से वेतन भुगतान संबंधी प्रकरण की जाँच अब श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा की जाएगी। संभागायुक्त श्री लाक्षाकार ने सभी एसडीएम से कहा कि मर्ग जांचें 3 माह से अधिक लंबित न रखें। सभी एसडीएम इस कार्य पर फोकस करें। बैठक में फोटो निर्वाचक नामावली के मामले में कहा कि वे स्वयं अगले माह से इस कार्य के निरीक्षण के लिए जिलों में पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर