home page

इंदौरः संभागायुक्त और कलेक्टर ने संयुक्त रूप से किया एमवाय अस्पताल का निरीक्षण

 | 
इंदौरः संभागायुक्त और कलेक्टर ने संयुक्त रूप से किया एमवाय अस्पताल का निरीक्षण


इंदौरः संभागायुक्त और कलेक्टर ने संयुक्त रूप से किया एमवाय अस्पताल का निरीक्षण


- स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों को बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

इंदौर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में संभागायुक्त भास्कर लक्षकार एवं कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार को एमवाय अस्पताल पहुंचकर संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, आपातकालीन सेवा, रोगी कल्याण समिति, ब्लड बैंक, नेत्र विभाग, आयुष्मान भारत योजना विभाग सर्जरी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एमवाय अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु जगह-जगह संकेत सूचक लगाये। साथ ही मरीजों की मुख्य जाँचे हिन्दी भाषा में लिखी जाए। मरीजों को दी जाने वाली दवाईयों के काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई और उसकी व्यवस्था सुधारें। मरीजों के परिजनों की बैठक व्यवस्था में भी सुधार किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों से कहा कि मरीज हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, उनके उपचार में संवेदनशीलता बरते। सभी अधिकारी समय पर अपने विभागों में पहुँचे और गुणवत्ता के साथ कार्य करें।

संभागायुक्त लक्षकार ने एमवाय अस्पताल के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत लाभान्वित होने वाले मरीजों के बारे में भी स्वास्थ्य अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों के साथ एमवाय अस्पताल के सभी विभागों का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. शॉजी जोसेफ, एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा और एमआर-10 स्थित रेलवे ओव्हर ब्रिज का निरीक्षण

इसके बाद संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने गुरुवार को लवकुश चौराहा स्थित निर्माणाधीन डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा, एमआर-10 स्थित रेलवे ओव्हर ब्रिज और आईएसबीटी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रिज निर्माण संबंधी एजेंसी के अधिकारियों और इंजीनियर्स से निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने एमआर-10 स्थित रेलवे ब्रिज की ड्राईंग और प्रोजेक्ट रिपोर्ट देखी। उन्होंने पूर्ण हो चुके आईएसबीटी की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लवकुश चौराहा स्थित डबल लेयर फ्लाईओव्हर ब्रिज की दूसरी भुजा का कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।आवश्यकता होने पर संसाधन बढ़ाये जाये। उन्होंने कहा कि ब्रिज की दूसरी भुजा शुरू हो जाने के बाद यातायात और अधिक सुगम हो जाएगा।

संभागायुक्त लक्षकार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस ट्रमिनल (आईएसबीटी) का भी अवलोकन किया। यहां उपलब्ध करायी जाने वाली व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर