इंदौरः सीवर चेंबर में उतरे दो कर्मचारियों की मौत पर जिला प्रशासन ने स्पष्ट की वस्तुस्थिति
- सफाई करने नहीं, डी-वाटरिंग वाहन के गिरे पाइप को निकालने के लिए चेंबर में उतरे थे कर्मचारी
इंदौर, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चोइथराम अस्पताल के पास स्थित चेंबर की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने के कारण निगम के दो कर्मचारियों की मौत को लेकर जिला प्रशासन ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चोइथराम अस्पताल के पास स्थित चेंबर में डी-वाटरिंग वाहन को खाली करने के दौरान घटित दुखद घटना के संबंध में प्रारंभिक स्तर पर प्राप्त जानकारी अनुसार जोन क्रमांक 13 में सेफ्टी टैंक खाली करने के बाद डी-वाटरिंग वाहन का पानी चेंबर में छोड़ने के लिए निगम कर्मचारियों द्वारा चोइथराम अस्पताल गेट के पास स्थित प्राइमरी लाइन के चेंबर के ढक्कन को खोलकर डी वाटरिंग वाहन का पानी खाली करने के दौरान वाहन पाइप चेंबर में गिरने के कारण बिना किसी जानकारी के संभवतः अज्ञानतावश पाइप निकालने के लिए उतरने से उक्त दुखद घटना घटित हुई है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार वाहन क्रमांक सी पी ओ 8001 से सेफ्टीक टैंक खाली करने के बाद वाहन का पानी प्राइमरी लाइन के चेंबर में खाली करने के दौरान पाइप चेंबर में गिरने से पाइप निकालने के लिए कर्मचारी बिना किसी को बताए चेंबर में उतरने लगा। उतरने के दौरान चेंबर में गिर गया, जिसे बचाने के लिए कर्मचारी अजय चेंबर में उतर गया, इस कारण से उक्त दुखद घटना घटित हुई है और घटना में दो कर्मचारी करण एवं अजय का अत्यंत दुखद निधन हुआ। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल एवं अन्य अधिकारी द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

