इंदौरः जिले के 74 ग्रामों में 30 करोड़ 19 लाख रुपये से होंगे विभिन्न विकास कार्य
- प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री के प्रति जताया आभार
इंदौर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश ग्राम पंचायत कॉलोनियों का विकास योजना के अंतर्गत वसूल की जाने वाली आश्रय निधि से इंदौर जिले की चार जनपद पंचायतों इंदौर, सांवेर, महू एवं देपालपुर के 74 ग्रामों में 30 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इन कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि आश्रय निधि से गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी। इसके अंतर्गत ड्रेनेज निर्माण, सामुदायिक भवन, आदर्श श्मशान घाट, सभागृह एवं शोकसभा शेड, मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल एवं शेड निर्माण, श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण, स्वयं सहायता समूहों के लिए आजीविका भवन एवं सह-प्रशिक्षण केंद्र, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन शेड, पंचायत भवनों में सौर विद्युतीकरण तथा व्यायामशाला एवं खेलकूद संबंधी कार्य कराए जाएंगे।
मंत्री सिलावट ने इंदौर जिले में 30 करोड़ 19 लाख रुपये के विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्राम पंचायतों के रहवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सांवेर विधानसभा की 16 ग्राम पंचायतों में लगभग 9 करोड़ 62 लाख रुपये के होंगे विकास कार्य
मंत्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों में कुल 9 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें ग्राम ढाबली में 20 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज निर्माण, बेगमखेड़ी एवं मगरखेड़ा में 40 लाख रुपये की लागत से आदर्श श्मशान निर्माण तथा ग्राम पानोड़ में 40 लाख रुपये की लागत से आदर्श श्मशान निर्माण एवं पंचायत भवन में सौर विद्युतीकरण के कार्य शामिल हैं।
इसी प्रकार ग्राम सोलसिंदा में आदर्श श्मशान निर्माण एवं आजीविका भवन के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये, पालिया में आदर्श श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण एवं आजीविका भवन के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये तथा कैलोदहाला में आजीविका भवन एवं पंचायत भवन में सौर विद्युतीकरण के लिए 1 करोड़ 4 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ग्राम लसूडिया परमार में आजीविका भवन एवं गार्डन, खेलकूद तथा जिम्नेजियम संबंधी कार्यों के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये और बुढ़ानिया पंथ में आजीविका भवन एवं गार्डन, खेलकूद तथा जिम्नेजियम के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये के कार्य कराए जाएंगे। ग्राम पीर कराड़िया एवं जेतपुरा में आजीविका भवन निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपये तथा ग्राम भांग्या में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) शेड निर्माण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्राम गारीपिपलिया एवं झलारिया में पंचायत भवनों में सौर विद्युतीकरण के लिए कुल 30 लाख रुपये , ग्राम मुरादपुरा में स्कूल भवन की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 8 लाख रुपये तथा ग्राम पंचडेरिया में खेलकूद परिसर निर्माण के लिए 25 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।
मंत्री सिलावट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, सामुदायिक गतिविधियों, आजीविका संवर्धन और खेलकूद के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

