home page

इंदौरः कलेक्टर ने सुनीं जनसमस्याएँ, कई प्रकरणों का किया मौके पर त्वरित समाधान

 | 
इंदौरः कलेक्टर ने सुनीं जनसमस्याएँ, कई प्रकरणों का किया मौके पर त्वरित समाधान


- किसी को मिली इलाज के लिए सहायता, किसी को मिली जीवन में नई रफ्तार

इंदौर, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना।

उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि अन्य प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने किसी को इलाज, तो किसी को मोट्रेट ट्राईसिकल के लिए मदद स्वीकृत की।

जनसुनवाई के दौरान मानवीय संवेदना से जुड़े कई प्रकरण सामने आए, जिनमें त्वरित राहत प्रदान की गई। एक मामले में आरती अपने पति के उपचार के लिए सहायता की अपेक्षा लेकर जनसुनवाई में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके पति के कई ऑपरेशन हो चुके है। लगातार इलाज चल रहा है। कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर उन्हें तत्काल जरूरी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और आगामी उपचार की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। परिजनों ने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग दंपत्ति अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। परिवार की स्थिति और उनकी जरूरतों को देखते हुए कलेक्टर ने त्वरित निर्णय लेते हुए सहायता राशि स्वीकृत की तथा बुर्जुग दिव्यांग भीमसिंह को इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। इससे उन्हें आजीविका का साधन उपलब्ध हो सकेगा तथा भीमसिंह के जीवन में नई रफ्तार आएगी। उनकी पत्नी संतोष सिंह ने बताया कि इस सहायता से उनके परिवार को जीने की नई उम्मीद मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।

एक अन्य प्रकरण में दुर्घटना में घायल हुए रामकिशोर ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि एक दुर्घटना में कंधे की हड्डी टूट गई। इसके इलाज की जरूरत है। कलेक्टर ने उन्हें निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि उनका ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता एवं रोजगार से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी मामलों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

जनसुनवाई के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर