home page

इंदौरः जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, किया त्वरित निराकरण

 | 
इंदौरः जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, किया त्वरित निराकरण


इंदौरः जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, किया त्वरित निराकरण


इंदौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण की स्थिति और आवेदकों की आवश्यकताओं को समझते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें समय पर राहत प्रदान की जाए।

जनसुनवाई में राखी जोशी ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वे दोनों आंखों से नेत्रहीन हैं और अपनी बेटी के साथ किराए के मकान में रहती हैं। उनका तलाक हो चुका है तथा परिवार में सहयोग के लिए कोई नहीं है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें जीवनयापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हो चुका है, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण आवास क्रय करने में परेशानी आ रही है। उनकी समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए कलेक्टर ने जरुरी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि शासन-प्रशासन जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और हरसंभव सहयोग प्रदान किया जायेगा।

जनसुनवाई के एक अन्य प्रकरण में रामकन्या बाई (परिवर्तित नाम) ने कलेक्टर शिवम वर्मा को बताया कि वे लंबे समय से ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें उपचार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए 15 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही, उनके उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि उन्हें समय पर उपचार संबंधी मदद मिल सके।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति , अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य एवं सभी विभागीय अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।

भोपाल में अधिकारियों ने सुनी आवेदकों की समस्याएं, जनसुनवाई में 145 आवेदन प्राप्त हुए

इधर, भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने मंगलवार को जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में आए नागरिकों से 145 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सीईओ इला तिवारी ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर